डीआरएम वीणा सिन्हा ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित, रोहित सिंह ने लिए 14 विकेट
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) मंडल क्रीड़ा संघ, इज्जतनगर के तत्वावधान में आयोजित अंतर्विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन अधिकारी क्लब, रोड नंबर-2 में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ।समारोह में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में इलेक्ट्रिकल विभाग के कप्तान आरिफ हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ (सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी) का पुरस्कार अपने नाम किया। आरिफ ने पूरे टूर्नामेंट में एक शतक और तीन अर्धशतकों की मदद से सर्वाधिक 313 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी प्रभावशाली प्रदर्शन कर 3 विकेट हासिल किए।
सौरभ चुने गए प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज

सौरभ को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 303 रन बनाए। दूसरी ओर कारखाना टीम के रोहित सिंह ने शानदार गेंदबाजी कर 14 विकेट झटके और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार अपने नाम किया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य कारखाना प्रबंधक अशोक कुमार, मंडल क्रीड़ा अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) राज कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) सत्येंद्र यादव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (ओपी) यू.सी. मिश्रा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह, सीनियर डीएफएम आर.के. भारती, मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) जितेंद्र खटीक, डीएमई (कैरिज एंड वैगन) मनीष कुमार, क्रीड़ा सचिव गीता शर्मा, कारखाना क्रीड़ा सचिव सुहैल अली तथा मंडल मंत्री रजनीश तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।
अफसरों ने की खिलाड़ियों के बेहतर खेल की तारीफ
प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर रेलवे अधिकारियों ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए खेल भावना को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई। खिलाड़ियों ने भी भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प व्यक्त किया।
