मेरठ। युवती को साथ लेकर फरार चल रहे पारस सोम की एक फोन कॉल ने आखिरकार उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। जैसे ही पारस सोम ने रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर अपने दोस्त को फोन कर कहा कि “मैं बाहर निकल रहा हूं”, उसी क्षण पुलिस की सर्विलांस टीम अलर्ट हो गई। पारस का मोबाइल पहले से ही सर्विलांस पर था और कॉल सुनते ही मेरठ पुलिस ने तत्काल हरिद्वार पुलिस से संपर्क साध लिया।
सूचना मिलते ही हरिद्वार के एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एसपी देहात को सक्रिय किया और रुड़की रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी करा दी। इससे पहले कि युवक और युवती ट्रेन के जरिए कहीं दूर निकल पाते, पुलिस टीम ने स्टेशन पर सघन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान हरिद्वार पुलिस ने युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया, जबकि पारस सोम को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना को अंजाम देने के बाद पारस सोम युवती को लेकर सहारनपुर जिले के नागल क्षेत्र में अपने एक रिश्तेदार के घर पहुंचा था। यहां दोनों ने करीब दो दिन तक फरारी काटी। इस दौरान सहारनपुर पुलिस को इनपुट मिला था कि युवक-युवती नागल गांव में रुके हुए हैं और शनिवार को किसी अन्य स्थान पर जाने की तैयारी में हैं।
इसी बीच पुलिस की पकड़ से बचने के लिए पारस सोम युवती के साथ रुड़की रेलवे स्टेशन पहुंच गया। स्टेशन पर पहुंचते ही उसने अपने एक दोस्त को फोन कर बाहर निकलने की बात कही, लेकिन यही कॉल उसके लिए सबसे बड़ी गलती साबित हुई। कॉल के आधार पर लोकेशन ट्रेस होते ही मेरठ और हरिद्वार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की और दोनों को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस ने युवती को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया है, जबकि आरोपी पारस सोम से पूछताछ जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
