सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सरसावा कस्बे में सोमवार सुबह एक किराए के मकान में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक परिवार के पांच सदस्यों के गोली लगे शव बरामद हुए। मृतकों में संग्रह अमीन अशोक (40), उनकी मां विद्यावती (70), पत्नी अंजिता (35) और दो बेटे कार्तिक (16) व देव (13) शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अशोक को कनपटी पर गोली लगी, जबकि उनकी मां, पत्नी और दोनों बेटों को माथे पर गोली मारी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
जांच में पता चला कि अशोक की बहन ने सुबह किसी काम से उन्हें फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कई बार कॉल करने के बाद जब उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं देखी, तो वह अपने बेटे प्रीत के साथ भाई के घर पहुँची। बेटे ने सीढ़ी लगाकर घर में प्रवेश किया और अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए।
पुलिस के अनुसार, अशोक नकुड़ तहसील में संग्रह अमीन के पद पर कार्यरत थे और परिवार के साथ सरसावा में किराए के मकान में रह रहे थे। घटनास्थल से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस फिलहाल मामले को आत्महत्या की आशंका के तहत जांच रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है।
