नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा ने कभी एक अलग तरह की पार्टी के रूप में अपनी यात्रा शुरू की थी और आज यह सुशासन की पार्टी बन चुकी है। उन्होंने बताया कि देश ने आजादी के बाद विभिन्न शासन मॉडल देखे कांग्रेस के परिवारवाद का मॉडल, लेफ्ट का मॉडल, क्षेत्रीय दलों का मॉडल और अस्थिर सरकारों का दौर। लेकिन आज देश स्थिरता, सुशासन और संवेदनशीलता वाला भाजपा का विकास मॉडल देख रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा ने सामाजिक न्याय के नारे को जमीन पर उतारा और गरीब कल्याण की योजनाओं को सिर्फ सरकारी फाइलों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि सीधे गरीब के घर तक पहुंचाया। उन्होंने जल जीवन मिशन का उदाहरण देते हुए कहा कि आजादी के 70 वर्षों में केवल 3 करोड़ ग्रामीण परिवारों तक पाइप से पानी पहुंच पाया था, जबकि उनके नेतृत्व में सिर्फ 5-6 साल में 12 करोड़ से ज्यादा परिवारों को नल से जल की सुविधा से जोड़ा गया।
पीएम मोदी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्होंने उत्तर भारत की उपेक्षा की, जबकि भाजपा ने इसे दिल से जोड़ा। उन्होंने पार्टी के शिखर तक पहुंचने के सफर का जिक्र किया और कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। इसके बाद जेपी नड्डा के नेतृत्व में पार्टी पंचायत से संसद तक हर स्तर पर मजबूत हुई।
उन्होंने हाल ही में हुए छह राज्यों के विधानसभा चुनावों का उल्लेख किया और बताया कि इनमें से चार में भाजपा-एनडीए ने जीत दर्ज की। महाराष्ट्र और केरल के स्थानीय निकाय चुनावों में भी भाजपा पहली पसंद बनकर उभरी और जनता ने उस पर भरोसा जताया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा का लगातार विस्तार हो रहा है, पार्टी सशक्त हुई है और जनता का भरोसा लगातार मजबूत होता जा रहा है। उन्होंने भाजपा के विकास मॉडल, सामाजिक न्याय और गरीब कल्याण की योजनाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए देशवासियों को आश्वस्त किया।
