हार्ट अटैक से पांच बार के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री का निधन, बदायूं से लेकर पूरे प्रदेश में शोक की लहर
बदायूं/सहसवान : उत्तर प्रदेश की राजनीति के वरिष्ठ समाजवादी नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री और सहसवान विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे ओमकार सिंह यादव का गुरुवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही बदायूं सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक दलों के नेताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल सहसवान के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सिंघोला, तहसील गुन्नौर, जनपद संभल ले जाया गया।
पांच बार विधायक रहे, लंबे समय तक राजनीति में रहा दबदबा
ओमकार सिंह यादव ने वर्ष 1991 में जनता दल के टिकट पर पहली बार सहसवान विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद उन्होंने करीब तीन दशकों तक क्षेत्र की राजनीति में मजबूत पकड़ बनाए रखी और कुल पांच बार विधायक चुने गए। समाजवादी पार्टी की सरकार में उन्होंने उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री के रूप में भी अहम जिम्मेदारियां निभाईं।
राजनीतिक विरासत संभाल रहे हैं पुत्र बृजेश यादव
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उनके पुत्र बृजेश यादव ने सहसवान विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया। इसके बाद से वह क्षेत्र में अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
जनसंपर्क और सरल स्वभाव के लिए थे लोकप्रिय
ओमकार सिंह यादव अपने सरल स्वभाव, जनसंपर्क और क्षेत्र के विकास के लिए किए गए कार्यों के कारण आम जनता के बीच बेहद लोकप्रिय थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर समर्थकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का तांता लग गया।
प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति
पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमकार सिंह यादव के निधन को सहसवान ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
