कांठ थाना क्षेत्र के मदपुरी गांव के पास मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर हादसा, टक्कर के बाद थार छोड़कर चालक फरार
मुरादाबाद: कांठ थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार थार ने ई-स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-स्कूटी सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। घटना मदपुरी गांव के पास की बताई जा रही है। हादसे के बाद थार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को भी कब्जे में ले लिया है।
तेज रफ्तार थार ने ई-स्कूटी को मारी टक्कर
बताया गया कि दोनों युवक ई-स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार थार ने उनकी ई-स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।
थार छोड़कर मौके से फरार हुआ चालक
हादसे के बाद थार चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने थार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया है। पुलिस के अनुसार, थार का पंजीकरण नंबर यूपी21डीडी5994 है। वाहन के मालिक का नाम सिविल लाइंस थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद नावेद बताया जा रहा है। पुलिस वाहन के मालिक और चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
दोनों मृतक कांठ क्षेत्र के रहने वाले

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कांठ थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी मोहम्मद रिहान और अबूजर के रूप में हुई है। दोनों दोस्तों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दुबई से लौटने वाला था रिहान
परिजनों के मुताबिक, मोहम्मद रिहान दुबई में काम करता था और एक तारीख को उसकी दुबई वापसी की उड़ान थी। परिजनों का कहना है कि रिहान परिवार में अकेला कमाने वाला था। परिजनों के अनुसार, रिहान के पिता बीमारी से ग्रसित हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि वाहन चालक भले ही संपन्न परिवार से हो, लेकिन हादसे में उनके घर का चिराग बुझ गया।
तीन दिन पहले भी हुआ था थार से हादसा
मुरादाबाद में थार से जुड़ा यह पहला हादसा नहीं है। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब तीन दिन पहले कुंदरकी थाना क्षेत्र में भी थार सवारों ने सड़क किनारे खड़ी ई-रिक्शा को टक्कर मार दी थी। उस हादसे में भी एक व्यक्ति की मौत हुई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों के बाद तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस कार्रवाई पर टिकी नजर
कांठ क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर नजर है। पुलिस ने थार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।पुलिस हादसे की परिस्थितियों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में परिजनों की ओर से कार्रवाई की मांग की गई है।
