मृतक केशव का फाइल फ़ोटो
तीन अलग-अलग घटनाओं से मचा हड़कंप, कानपुर में कमरे से मिली डायरी की जांच में जुटी पुलिस,बरेली के गेस्ट हाउस में मृत मिला गुजरात का युवक, पारिवारिक विवाद के बाद अस्पताल पहुंचा तीसरा युवक
बरेली : यूपी के बरेली और आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी तीन अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।कानपुर के कल्याणपुर स्थित बॉयज हॉस्टल में बरेली निवासी डिलीवरी बॉय का कई दिन पुराना शव मिला। वहीं, बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस में गुजरात निवासी युवक मृत अवस्था में पाया गया। इसके अलावा प्रेमनगर क्षेत्र में भाई से पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक की तबीयत बिगड़ गई, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों मामलों में पुलिस और संबंधित एजेंसियां अपने-अपने स्तर से जांच कर रही हैं।
कानपुर के हॉस्टल में मिला बरेली के युवक का शव, कमरे से मिली डायरी
बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के नौगवां गांव निवासी 30 वर्षीय केशव कुमार का शव कानपुर के कल्याणपुर इलाके में स्थित एक बॉयज हॉस्टल के कमरे में मिला।वह करीब एक साल से कानपुर में रहकर डिलीवरी बॉय का काम कर रहा था। केशव ने 17 अक्टूबर को कल्याणपुर कला के पनकी रोड स्थित अवनीश यादव बॉयज हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर कमरा लिया था। हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के मुताबिक, उसे आखिरी बार 19 नवंबर को देखा गया था। इसके बाद वह कमरे से बाहर नहीं निकला। सोमवार को कमरे से दुर्गंध आने पर छात्रों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उसे खुलवाया।कमरे के अंदर केशव का कई दिन पुराना शव मिला। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। तलाशी के दौरान पुलिस को एक डायरी भी मिली, जिसमें जीवन, मृत्यु और कर्मों से जुड़ी बातें लिखी हुई थीं। पुलिस डायरी की लिखावट, मोबाइल फोन और कॉल डिटेल की जांच कर रही है। शुरुआती स्तर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बरेली के गेस्ट हाउस में गुजरात का युवक मिला मृत
दूसरी घटना बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र की है। स्टेशन रोड स्थित केबीएसआर गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 107 में गुजरात के कच्छ जिले के भुज निवासी 39 वर्षीय बकाली जावेद हसन का शव मिला। वह 22 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे गेस्ट हाउस में ठहरा था। सोमवार को दिनभर कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और युवक की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। देर रात करीब 12 बजे कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खोला तो युवक मृत अवस्था में मिला। सूचना पर पीआरवी और सुभाषनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।घटनास्थल की जांच के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। कमरे से इंसुलिन का इंजेक्शन मिलने की बात सामने आई है, लेकिन इसका युवक की मौत से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गुजरात में रह रहे परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। सीओ द्वितीय नितिन कुमार के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
भाई से विवाद के बाद युवक की हालत बिगड़ी, जिला अस्पताल में भर्ती
तीसरी घटना बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जाटवपुरा की है। यहां रहने वाले 35 वर्षीय सौरभ का सोमवार रात अपने भाई सुमित से पैसों को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कहासुनी के बाद सौरभ ने घर में रखा एक खतरनाक पदार्थ पी लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। जानकारी मिलने पर परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान सौरभ ने पैसों को लेकर भाई से विवाद होने की बात बताई। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है। घटना के संबंध में पुलिस की कार्रवाई और युवक की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होने पर आगे की जानकारी सामने आ सकेगी।
