यूपी में गठबंधन की पहली 26 सीटों से शुरुआत! सपा प्रमुख ने दिया सियासी संकेत, बोले -तस्वीरों में निवेश, जमीन पर रोजगार नहीं, देश की तरक्की -खुशहाली में सिख समाज का बताया बड़ा योगदान
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर लखनऊ कैंट स्थित गुरुद्वारे में माथा टेका और प्रदेश में सुख -शांति के लिए अरदास की।उन्होंने सिख समाज को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की तरक्की, खुशहाली और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि बनाने में सिख समाज का बहुत बड़ा योगदान है। अमेरिका, यूरोप, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया तक सिख समाज के लोगों ने देश की पहचान मजबूत की है। उन्होंने कहा कि भारत की खूबसूरती यही है कि अलग -अलग धर्मों और पंथों के लोग मिलकर सभी त्योहार मनाते हैं। गुरु नानक देव जी ने नफरत खत्म करने, आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया था।गुरुद्वारे में कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस दिन विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होगी, उसी दिन भाजपा की हार तय हो जाएगी। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी पर भाजपा के पास कोई जवाब नहीं है। सरकार नौकरी और रोजगार देने में नाकाम रही है। प्रदेश में निवेश के दावों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि निवेश केवल तस्वीरों में दिखाई दे रहा है, जमीन पर उसका असर नजर नहीं आ रहा। ताइवान से एक हजार करोड़ रुपये के निवेश के दावे से भी प्रदेश के युवाओं का भला नहीं होने वाला।
कांग्रेस से गठबंधन पर बातचीत जारी, बोले- जीतने के लिए होते हैं गठबंधन

2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि बातचीत के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है और चर्चा जारी है। उन्होंने कहा कि गठबंधन जीतने के लिए होते हैं। इंडिया गठबंधन का लक्ष्य भाजपा को हराना, लोकतंत्र और संविधान को बचाना है। इस बीच राजनीतिक गलियारों में गठबंधन की शुरुआती 26 सीटों को लेकर भी चर्चा है। सोशल मीडिया पर सामने आए संदेश में कहा गया है कि जीतने वाली पहली 26 सीटों से शुरुआत हुई है और आपसी समझदारी से बातचीत आगे बढ़ेगी।
Gen-Z युवाओं ने अखिलेश यादव को दिया समर्थन, छात्रसंघ बहाली की उठाई मांग
सपा मुख्यालय में लखनऊ विश्वविद्यालय के Gen-Z युवाओं के प्रतिनिधिमंडल ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हें समर्थन देने का भरोसा दिलाया। युवाओं ने छात्रसंघ बहाली, बढ़ते शैक्षिक खर्च और बेरोजगारी जैसी समस्याएं उठाईं। छात्रों ने कहा कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते लैपटॉप वितरण से नई पीढ़ी को प्रोत्साहन मिला था। इस दौरान युवाओं ने ‘वी लव अखिलेश भइया’ और ‘Gen-Z विद अखिलेश भइया’ के नारे लगाए। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर युवाओं की पढ़ाई, रोजगार और पाठ्यक्रम से जुड़ी समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रमुख समस्याएं लिखकर देने को भी कहा।
चुनाव की तारीख आते ही BJP की हार तय- अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर लखनऊ कैंट स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेका और सिख समाज को शुभकामनाएं दीं। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होते ही भाजपा की हार तय हो जाएगी। अखिलेश ने महंगाई, बेरोजगारी और निवेश के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर बातचीत जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंडिया गठबंधन का लक्ष्य भाजपा को हराना और लोकतंत्र व संविधान को बचाना है। अतरौलिया सीट पर उन्होंने संग्राम यादव की ऐतिहासिक जीत का दावा भी किया। इस दौरान पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी मौजूद रहे।
दो छात्राओं को लैपटॉप देकर किया सम्मानित
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखीमपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर तराई महाविद्यालय, लालपुर की बीए प्रथम वर्ष की छात्राओं पल्लवी वर्मा और साक्षी वर्मा को लैपटॉप देकर सम्मानित किया। उन्होंने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्राओं ने कहा कि लैपटॉप से उनकी पढ़ाई और ज्ञान बढ़ाने में मदद मिलेगी।
403 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेगा PDA रथ

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने लखनऊ में विजय पथ PDA रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बदायूं के मोहन यादव की अगुवाई में शुरू हो रही इस यात्रा का शुभारंभ अयोध्या से प्रस्तावित है। पार्टी की योजना इस रथ को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों तक ले जाने की है। अखिलेश यादव ने उम्मीद जताई कि PDA का संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचेगा और 2027 में समाजवादी सरकार बनाने का लक्ष्य मजबूत होगा।
किसान प्रतिनिधिमंडल ने उठाया गन्ना भुगतान और फसलों के उचित दाम का मुद्दा
भारतीय किसान यूनियन के सिख प्रतिनिधिमंडल ने भी सपा प्रमुख से मुलाकात कर गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की बधाई दी। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर गन्ने के बकाया भुगतान, आलू और धान की फसलों का उचित मूल्य तथा किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाया। ज्ञापन में दावा किया गया कि वर्तमान सरकार में किसान आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी सरकार बनने की उम्मीद जताई।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
