पुडुचेरी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पुडुचेरी दौरे के दौरान केंद्र शासित प्रदेश को बड़ी विकास सौगात दी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 2700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अपने संबोधन में उन्होंने पुडुचेरी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और वैचारिक विरासत को नमन करते हुए कहा कि यहां आना उनके लिए सम्मान की बात है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पुडुचेरी संतों, कवियों और स्वतंत्रता सेनानियों की भूमि रही है। उन्होंने महाकवि सुब्रमण्यम भारती को याद करते हुए कहा कि इसी धरती से उन्होंने राष्ट्रवाद की अलख जगाई थी, जिसने देश की आज़ादी के आंदोलन को नई दिशा दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पुराने दौरे का ज़िक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पुडुचेरी के लिए “BEST पुडुचेरी” का मंत्र दिया था, जिसका अर्थ है बिजनेस, एजुकेशन, स्पिरिचुअलिटी और टूरिज्म। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षों में यह विजन ज़मीन पर उतरता हुआ दिखाई दे रहा है। केंद्र और केंद्र शासित प्रदेश की सरकार जब एक ही सोच और लक्ष्य के साथ काम करती हैं, तो विकास तेज़ी से होता है और उसका लाभ सीधे जनता तक पहुँचता है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि देशभर में उच्च गुणवत्ता वाले बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ज़ोर दिया जा रहा है। इस वर्ष के केंद्रीय बजट में करीब 12 लाख करोड़ रुपये इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आवंटित किए गए हैं। इसका लाभ पुडुचेरी को भी मिल रहा है। बेहतर सड़कें, पेयजल आपूर्ति, तटीय ढांचा, स्कूल, अस्पताल और सार्वजनिक सुविधाओं को मज़बूती दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पुडुचेरी को कैपिटल इन्वेस्टमेंट स्कीम के तहत विशेष सहायता दी गई है, जो पहले केवल राज्यों को मिलती थी। इससे यहां के विकास कार्यों को नई गति मिली है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, इंफ्रास्ट्रक्चर में अधिक निवेश का सीधा मतलब है बेहतर जीवन स्तर और रोज़गार के नए अवसर।
युवाओं को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि एक मजबूत और सशक्त युवा वर्ग ही देश की तरक्की की असली नींव है। सरकार युवाओं के सपनों को सपोर्ट करने के लिए लगातार काम कर रही है। एनआईटी कराईकल में नए डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग ब्लॉक और आधुनिक अस्पताल की सुविधाएं तकनीकी शिक्षा को और मज़बूत करेंगी। इसके साथ ही पुडुचेरी विश्वविद्यालय में भी आधारभूत ढांचे का विस्तार किया गया है, जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा।
इलेक्ट्रिक बस और हरित मोबिलिटी पर ज़ोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया स्वच्छ और हरित मोबिलिटी की दिशा में आगे बढ़ रही है। इलेक्ट्रिक वाहन हमारी ज़िंदगी का अहम हिस्सा बनते जा रहे हैं। पुडुचेरी जैसे टूरिज्म हब में इलेक्ट्रिक बसें प्रदूषण कम करने में गेम-चेंजर साबित होंगी। पीएम ई-बस सेवा के तहत पुडुचेरी को इलेक्ट्रिक बसें दी जा रही हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन भी बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि हाउसिंग प्रोजेक्ट्स के ज़रिए हजारों परिवारों को स्थिरता और सम्मानपूर्ण जीवन मिल रहा है। पूरे पुडुचेरी में सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाएं या तो पूरी हो चुकी हैं या तेज़ी से प्रगति पर हैं।
विपक्ष पर तीखा किया हमला
अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के अच्छे कामों का जश्न मनाना ज़रूरी है, लेकिन यह भी याद रखना चाहिए कि पहले हालात कैसे थे। कांग्रेस और डीएमके के शासनकाल में पुडुचेरी राजनीतिक अस्थिरता, भ्रष्टाचार और अपराध से जूझ रहा था प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि उस समय राशन की दुकानों पर चावल नहीं मिलता था, कर्मचारियों की सैलरी में देरी होती थी और गुंडे व ड्रग माफिया हावी थे। उन्होंने कहा कि आज पुडुचेरी विकास, स्थिरता और विश्वास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार पुडुचेरी के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी और आने वाले वर्षों में यह केंद्र शासित प्रदेश विकास का नया मॉडल बनकर उभरेगा।
