बरेली: थाना बारादरी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार चोरी के मोबाइल फोन, छह फर्जी खरीद रसीदें और एक अवैध तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
देर रात चेकिंग के दौरान दबोचे गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान सूचना पर विद्यावान कोठी रोड से दो युवकों को पकड़ा गया। ये दोनों चोरी के मोबाइल बेचने की फिराक में थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरफराज और हारिश के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उनके पास से अलग-अलग कंपनियों के चार चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए।
फर्जी फ्लिपकार्ट रसीद बनाकर बेचते थे मोबाइल
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी चोरी किए गए मोबाइल को असली बताने के लिए फ्लिपकार्ट जैसी दिखने वाली फर्जी ऑनलाइन रसीदें तैयार करते थे। इन रसीदों में मोबाइल का IMEI नंबर भी दर्ज होता था, जिससे खरीदार को शक न हो।
तमंचा और कारतूस भी बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी सरफराज के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी मिला। इसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी मामला दर्ज किया।
बस, ट्रेन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में करते थे चोरी
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि वे बसों, ट्रेनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों से मोबाइल चोरी करते थे। अगर मोबाइल लॉक होता था तो यूट्यूब देखकर लॉक तोड़ना और मोबाइल रीसेट करना सीख चुके थे।
गुजरात में सीखा मोबाइल चोरी का तरीका
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सरफराज कुछ समय पहले गुजरात में भी रहा था, जहां उसने मोबाइल चोरी और फर्जी रसीद बनाकर बेचने का तरीका सीखा। लौटने के बाद वह बरेली में इस गिरोह को चला रहा था।
