बरेली में मतदाता पुनरीक्षण अभियान का डीएम ने किया शुभारम्भ, बोले – लोकतंत्र के महायज्ञ में हर वोट जरूरी
बरेली : यूपी के बरेली में लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण -2026 के अंतर्गत निर्वाचक नामावली के आलेख प्रकाशन एवं मतदाता पंजीकरण अभियान का शुभारम्भ किया गया। इस अभियान की शुरुआत डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने रुहेलखण्ड मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम से की। कार्यक्रम के दौरान विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के उद्देश्य, प्रक्रिया और महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई। डीएम अविनाश सिंह ने कहा-“हर वोट जरूरी है। जिन छात्र-छात्राओं की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं और लोकतंत्र के महायज्ञ में अपनी आहुति वोट के रूप में दें।”
युवाओं को वोटर बनने का संदेश

उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें और अपने मताधिकार का शत-प्रतिशत उपयोग करें। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ भी दिलवाई और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं को फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाता के रूप में पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाइए
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया। द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई,जबकि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) की छात्राओं ने मतदाता जागरूकता गीत प्रस्तुत कर सभी को मतदान के महत्व से रूबरू कराया। डीएम द्वारा प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।इसके साथ ही डीएम ने रुहेलखण्ड मेडिकल कॉलेज में मतदाता पंजीकरण केंद्र का उद्घाटन कर मौके पर ही नए वोटरों के पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई।
DM ने दिलाई वोटर शपथ

इस कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री,एसीएम विजय, एसीएम गुलाब सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह, उप जिलाधिकारी सदर, रुहेलखण्ड मेडिकल कॉलेज के डॉ.केशव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
