स्कूल संचालक की मौत को सर्पदंश बताने की कोशिश, पुलिस जांच में खुला हत्या का राज
मेरठ: मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में स्कूल संचालक अतुल कुमार पंवार की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी तुषार और दो सपेरों की मदद से पहले पति को नींद की गोलियां खिलाईं और फिर सोते समय सांप से डसवाकर उनकी हत्या कर दी। मामले में पत्नी, प्रेमी और दोनों सपेरों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दामिनी और स्कूल बस चालक तुषार के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों अतुल को रास्ते से हटाकर करीब 20 लाख रुपये की बीमा राशि हासिल करना चाहते थे। कथित तौर पर इस साजिश में शामिल सपेरों को पांच लाख रुपये देने की बात भी तय हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, तुषार बाजार से नींद की गोलियां लेकर आया, जिन्हें दामिनी ने खाने में मिलाकर अतुल को खिला दिया। रात में गहरी नींद आने के बाद सपेरों को बुलाया गया और सांप से अतुल के हाथ और पैर पर डसवाया गया। इसके बाद सांप को बिस्तर पर ही छोड़ दिया गया ताकि घटना सामान्य सर्पदंश जैसी लगे।
घटना के बाद दामिनी ने पुलिस को बताया कि वह बेटे के साथ कमरे के बाहर सो रही थी और अतुल को सांप ने डस लिया। लेकिन मृतक के परिजनों ने शुरू से ही हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने जब दामिनी और तुषार के मोबाइल की जांच की तो दोनों के बीच लगातार संपर्क, व्हाट्सऐप चैट और सांप की तस्वीरें मिलीं। पूछताछ में दामिनी ने कथित रूप से हत्या की साजिश कबूल कर ली।
पुलिस ने पत्नी दामिनी, प्रेमी तुषार और दोनों सपेरों सोनू व उदय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।