टिकरापारा के संजय नगर में किराए के मकान से मिले शव, हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। पुलिस को एक किराए के मकान से पांच शव मिले, जिनमें परिवार के मुखिया का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि पत्नी और तीन बच्चों के शव कमरे के भीतर पड़े मिले।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतकों की पहचान साजिद अली (50), उनकी पत्नी राबिया, पुत्र इरशाद अली (19), पुत्री शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया आशंका है कि चार लोगों ने जहर खाया, जबकि साजिद अली ने फांसी लगाई। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मकान को सील कर दिया। फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस हत्या और सामूहिक आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार परिवार करीब आठ महीने पहले किराए के मकान में रहने आया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि साजिद अली बैटरी रिपेयरिंग का काम करता था और परिवार पर कर्ज होने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि ऋण वसूली को लेकर रिकवरी एजेंट घर आते थे, जिससे परिवार आर्थिक तनाव में था। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।