बरेली: यूपी के बरेली ज़िले के आंवला थाना क्षेत्र में धान की रोपाई के भुगतान को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।करुआताल गांव में 45 वर्षीय किसान पूरनलाल की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या का आरोप है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
धान की रोपाई के पैसे को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार, आंवला थाना क्षेत्र के ग्राम करुआताल निवासी पूरनलाल का धान की रोपाई के भुगतान को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपी उनके घर पहुंच गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में पूरनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आंवला लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी और नौ बच्चों को छोड़ गए पूरनलाल
इस घटना की सूचना मिलते ही आंवला पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरनलाल अपने पीछे पत्नी और बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल है।
दो लोगों से पूछताछ, पुलिस कर रही कानूनी कार्रवाई
सीओ आंवला हेमन्त उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे ग्राम करुआताल में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो पता चला कि दो पक्षों के बीच धान की रोपाई के पैसे को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें पूरनलाल की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है,परिजनों से तहरीर प्राप्त कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
