एमएलसी कुंवर महाराज सिंह की मौजूदगी में सुनी गईं जनसमस्याएं, बिजली, जमीन कब्जा,प्रदूषण और राजस्व मामलों पर दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
बरेली : यूपी के बरेली देहात की फरीदपुर तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम अविनाश सिंह ने अधिकारियों को जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सख्त निर्देश दिए। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह भी मौजूद रहे। डीएम ने साफ कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अधिकारी आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करें और शिकायतों का ऐसा समाधान करें जिससे शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो। समाधान दिवस के दौरान बिजली,कृषि, राजस्व, चकबंदी, सड़क, आवास और भूमि विवाद समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही जांच कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
सुबह 9:45 से दोपहर 12 बजे तक बैठे ऑफिस
बैठक के दौरान डीएम अविनाश सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह 9:45 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक अनिवार्य रूप से अपने कार्यालयों में मौजूद रहें। इस दौरान आने वाले फरियादियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता कार्रवाई से संतुष्ट भी हो।
घरेलू बिजली कनेक्शन के मामले में जांच के आदेश
फरीदपुर क्षेत्र के ग्राम चंदोखा छेदा निवासी ने एक किलोवाट का घरेलू बिजली कनेक्शन दिलाने की मांग की। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भूमि कब्जे की शिकायत पर चकबंदी अधिकारी को निर्देश
ग्राम शेखापुर निवासी ने शिकायत की कि पिता और भाई की मृत्यु के बाद वह परिवार का एकमात्र सहारा है। कुछ दबंग उसकी हिस्सेदारी वाली जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, और चकबंदी प्रक्रिया का अनुचित लाभ उठाना चाहते हैं। डीएम ने इस मामले में सीओ चकबंदी को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्लाई फैक्ट्री के दूषित पानी से फसल प्रभावित
फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के ग्राम हरेला के किसान ने शिकायत की कि प्लाई फैक्ट्री का दूषित पानी लगातार खेतों में पहुंच रहा है।जिससे कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 30 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए सभी विभाग समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
तहसील परिसर में किया पौधारोपण

सम्पूर्ण समाधान दिवस के समापन के बाद डीएम अविनाश सिंह ने तहसील परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, उपजिलाधिकारी फरीदपुर विदुषी सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
