प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व सुचारु बनाने के उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से जारी किए गए तबादला आदेश
बरेली : यूपी के बरेली के डीएम अविनाश सिंह ने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। इस दौरान जिले में तैनात दो एसडीएम के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया, जबकि हाल ही में जिले में आए तीन नवागत डिप्टी कलेक्टरों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। डीएम द्वारा जारी सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान में बहेड़ी तहसील में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात ईशिता किशोर को एसडीएम सदर का दायित्व सौंपा गया है। वहीं उप जिलाधिकारी आंवला विदुषी सिंह का स्थानांतरण कर उन्हें फरीदपुर एसडीएम बनाया गया है।
नए एसडीएम को भी जिम्मेदारी
इसके अलावा हाल ही में जिले में नियुक्त तीन नवागत डिप्टी कलेक्टरों को भी नई तैनाती दी गई है। सुशील कुमार मिश्रा को उप जिलाधिकारी (एसडीएम) आंवला, सचिन यादव को उप जिलाधिकारी नवाबगंज तथा गोपाल शर्मा को उप जिलाधिकारी बहेड़ी नियुक्त किया गया है। डीएम अविनाश सिंह ने स्पष्ट किया कि यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने, जनसुनवाई और राजस्व कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपना नवीन कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अहम है प्रशासनिक फेरबदल
प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नई तैनातियों से विभिन्न तहसीलों में प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी और आम जनता की समस्याओं के निस्तारण में भी सुधार होगा।
