राष्ट्रीय अध्यक्ष के करीबी होने का झांसा देकर मांगे रुपये, विधायक की सतर्कता से नाकाम हुई साजिश
पीलीभीत: बीसलपुर से भाजपा विधायक विवेक वर्मा को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास सामने आया है। एक जालसाज ने खुद को ‘नीरज’ बताते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष का करीबी होने का दावा किया और विधायक से साढ़े तीन लाख रुपये की मांग कर डाली। विधायक की सतर्कता से पूरा मामला उजागर हो गया।
बताया गया कि आरोपी ने फोन पर विधायक से कहा कि उनके क्षेत्र से संगठन के पास नकारात्मक रिपोर्ट पहुंच रही है। उसने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कराने और मामला ठीक कराने का भरोसा दिलाते हुए इसके बदले 3.50 लाख रुपये की मांग की।
जालसाज ने विधायक से यह भी कहा कि पुणे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ लंच का खर्च भी उन्हें ही उठाना होगा। संगठन और शीर्ष नेतृत्व के नाम पर रुपये मांगे जाने पर विधायक को संदेह हुआ।
विधायक विवेक वर्मा ने तत्काल पूरे मामले की शिकायत बीसलपुर कोतवाली में दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कॉल करने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।