थाना राया क्षेत्र में तड़के हुआ हादसा, एसडीआरएफ और फायर टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान, घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना राया क्षेत्र में माइलस्टोन 112-113 के बीच गोला बस सर्विस की एक वोल्वो बस पीछे से ट्रेलर में जा घुसी। हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 से 25 लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वोल्वो बस (नंबर BR 28P 4723) में करीब 65 यात्री सवार थे। सुबह लगभग चार बजे हुई इस टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एसडीआरएफ और फायर टीम ने किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी महावन और थाना प्रभारी राया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल मथुरा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
35 यात्रियों को सुरक्षित भेजा गया
पुलिस ने बताया कि बस में सवार करीब 35 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर अन्य वाहनों की व्यवस्था के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले चारों मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
दुर्घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल आवागमन सुचारु रूप से जारी है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि अंतिम कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
