नई दिल्ली : थाईलैंड में बुधवार सुबह एक बड़ा और दर्दनाक रेल हादसा हो गया, जिसमें 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। यह दुर्घटना राजधानी बैंकॉक से लगभग 230 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिमी थाईलैंड के सिखियो जिले में हुई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक, बैंकॉक से उबोन रतचथानी प्रांत की ओर जा रही एक पैसेंजर ट्रेन जब सिखियो जिले से गुजर रही थी, उसी दौरान रेलवे ट्रैक के पास चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक भारी क्रेन अचानक ट्रेन पर गिर गई। यह क्रेन निर्माणाधीन हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट साइट पर काम कर रही थी। जैसे ही ट्रेन उस स्थान से गुजरी, क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे चलती ट्रेन पर आ गिरी।
क्रेन गिरने के कारण ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और हादसे के तुरंत बाद ट्रेन में आग लग गई। आग की लपटें देखकर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद दमकल विभाग और बचाव टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इसके बाद घायलों को निकालने का काम शुरू किया गया।
स्थानीय पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी एएफपी को बताया कि इस हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 30 से ज्यादा लोग घायल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे का शिकार हुई ट्रेन में करीब 195 यात्रियों के सवार होने की जानकारी दी जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक संख्या इससे अलग हो सकती है।
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्यों का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बचावकर्मी क्षतिग्रस्त डिब्बों को काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाल रहे हैं। घटनास्थल पर एंबुलेंस, पुलिस और आपदा प्रबंधन की कई टीमें तैनात की गई हैं।
थाईलैंड सरकार ने इस हादसे को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती तौर पर निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और क्रेन संचालन में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने का भी आश्वासन दिया है। हादसे ने एक बार फिर बड़े निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।