प्रयागराज : प्रयागराज से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों समेत चार लड़कों की मौत हो गई। इस हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के सल्लाहपुर के पास कुसुआ गांव की है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब साढ़े तीन बजे चारों बच्चे गांव के पास तालाब के किनारे खेल रहे थे। इसके बाद वे काफी देर तक घर नहीं लौटे। जब शाम ढलने लगी और बच्चों का कोई पता नहीं चला तो परिजन परेशान हो गए। रात भर परिजनों ने बच्चों की तलाश की। गांव में खोजबीन की गई, रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में पता किया गया, यहां तक कि मेले में भी उन्हें ढूंढा गया, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
रात करीब दो बजे तक खोजबीन के बाद भी जब कुछ पता नहीं चला तो परिजन थक-हारकर घर लौट आए। बुधवार सुबह एक बार फिर परिजन और गांव के लोग बच्चों की तलाश में निकले। सुबह करीब नौ से साढ़े नौ बजे के बीच गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित तालाब के पास कुछ कपड़े और चप्पल पड़ी मिलीं। इन्हें देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद गांव से जाल मंगवाकर तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। जाल डालते ही एक-एक कर चारों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। जैसे ही यह खबर फैली, मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिवारों में कोहराम मच गया। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 19 वर्षीय करन पुत्र राजेश सोनकर, 10 वर्षीय प्रियांशु पुत्र संजीव, और दो सगे भाई 10 वर्षीय प्रिंस तथा 13 वर्षीय प्रतीक के रूप में हुई है। चारों मनौरी के हुसैनपुर के अहमदपुर पावन गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों में तीन नाबालिग थे, जबकि करन की उम्र 19 साल थी।
चाचा रंजीत सोनकर ने बताया कि चारों बच्चे उनके भतीजे थे और मंगलवार शाम से ही लापता थे। उन्होंने बताया कि परिवार पहले ही एक बड़े दुख से गुजर चुका है। उनके छोटे भाई संदीप सोनकर की वर्ष 2024 में मौत हो चुकी थी। संदीप के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा प्रियांशु था, जिसकी भी इस हादसे में डूबकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पूरामुफ्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
