प्रयागराज : प्रयागराज से एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां पूर्व आईएएस अधिकारी श्रीचंद्र के बेटे हिमांशु ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 22 वर्षीय हिमांशु की मौत से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे इलाके में शोक की लहर है। यह घटना धूमनगंज थाना क्षेत्र के सुलेमसराय स्थित जेपी नगर की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हिमांशु अदीम ग्रेजुएशन का छात्र था और फिलहाल कोई नौकरी नहीं कर रहा था। उसने नवंबर 2025 में शिवानी नाम की युवती से लव मैरिज की थी। शादी को अभी महज दो महीने ही हुए थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बेरोजगारी और पारिवारिक तनाव को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। सूत्रों का कहना है कि घटना से कुछ समय पहले हिमांशु का अपनी पत्नी से मोबाइल फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
सोमवार शाम करीब पांच बजे हिमांशु ने घर में चाय पी और उसके बाद अपने कमरे में जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा, जहां हिमांशु का शव फंदे से लटकता मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची धूमनगंज पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के पीछे की ठोस वजह अब भी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। करीब ढाई मिनट के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि परिवार के लोग हिमांशु को फंदे से नीचे उतारने की कोशिश कर रहे हैं। एक व्यक्ति अपने कंधों के सहारे उसे संभाले हुए है, जबकि दूसरा व्यक्ति रस्सी काटता दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक महिला की रोने-चिल्लाने की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं, जो हिमांशु को भैया कहकर पुकार रही है और अपने पिता से पानी लाने की गुहार लगा रही है।
हिमांशु की मौत से पिता श्रीचंद्र, मां निर्मला देवी, पत्नी शिवानी और बड़े भाई सुधांशु का रो-रोकर बुरा हाल है। धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय के मुताबिक, परिजनों से पूछताछ में आपसी अनबन की बात सामने आई है, लेकिन अभी तक किसी की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
