संतोष भारती को उपाध्यक्ष का जिम्मा, 18 जनवरी से सोशल मीडिया अभियान
संजीव मेहरोत्रा बोले – 20 जनवरी को बैज प्रदर्शन, और 23 जनवरी को विरोध प्रदर्शन
बरेली : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक्स यूनियन (UFBU) ने मंगलवार को स्टेट बैंक स्टाफ एसोसिएशन कार्यालय, प्रशासनिक कार्यालय बरेली में मीडिया से बात की। इस अवसर पर अधिकारी संगठन AIBOC बरेली के संयुक्त सचिव कॉमरेड संतोष तिवारी को UFBU बरेली इकाई का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। सभी उपस्थित पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कॉमरेड संतोष तिवारी ने भरोसा दिलाया कि अधिकारी वर्ग UFBU के कार्यक्रमों को सफल बनाने में पूरी एकजुटता के साथ काम करेगा।
बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने को आंदोलन
प्रेस सभा को संबोधित करते हुए UFBU बरेली के जिला संयोजक कॉमरेड नवींद्र कुमार ने कहा कि बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह (5 Day Banking) लागू करने के लिए चरणबद्ध आंदोलन कार्यक्रम घोषित किया गया है। उनके अनुसार 18 जनवरी को देशभर में बैंक कर्मचारी और अधिकारी राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया अभियान चलाएंगे। 20 जनवरी को सभी बैंकों में कर्मचारी और अधिकारी बैज धारण कर कार्य करेंगे और 5 दिवसीय बैंकिंग की मांग को मुखर करेंगे। 23 जनवरी को UFBU के बैनर तले विरोध प्रदर्शन के लिए केनरा बैंक शाखा, पासपोर्ट कार्यालय के निकट पीलीभीत बायपास रोड, बरेली में कार्यक्रम होगा।
27 को बैंकों की पूर्ण हड़ताल : संजीव मेहरोत्रा
उन्होंने बताया कि 27 जनवरी को बरेली के सभी सरकारी बैंकों में पूर्ण हड़ताल, और सुबह 10:30 बजे स्टेट बैंक मुख्य शाखा पर विशाल प्रदर्शन। यह आंदोलन देशव्यापी होगा। सभा में BTUF के जिला सचिव कॉमरेड संजीव मेहरोत्रा ने पदाधिकारियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक साथियों को आंदोलन में शामिल करें। जिससे संगठन को मजबूती मिले और एकजुटता का सशक्त संदेश जाए। UFBU के पूर्व पदाधिकारी कॉमरेड सुनील मित्तल ने कहा कि अब समय आ गया है कि बैंक कर्मचारी आर -पार की लड़ाई लड़ें, तभी सरकार से 5 दिवसीय बैंकिंग लागू कराई जा सकती है।
एकता और अनुशासन जरूरी
सभा की अध्यक्षता करते हुए कॉमरेड पीके महेश्वरी ने कहा कि संगठन की सफलता के लिए सभी को एकता और अनुशासन का परिचय देना होगा। प्रेस सभा में बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, इलाहाबाद बैंक और AIBOC के कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
