बड़ी सौगात, हावड़ा- आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस को मिली हरी झंडी, बरेली में होगा ठहराव
बरेली : रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे बोर्ड ने अमृत भारत एक्सप्रेस समेत तीन जोड़ी नई ट्रेनों के नियमित संचालन को मंजूरी दे दी है, जिनका संचालन 18 जनवरी से शुरू होगा। इनमें हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस, बरेली- बांदीकुई पैसेंजर और हुजूर साहिब नादेड़-टनकपुर एक्सप्रेस शामिल हैं। ये सभी ट्रेनें बरेली होकर गुजरेंगी, जिससे बरेली मंडल के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे बोर्ड ने इससे पहले इन ट्रेनों को हरी झंडी तो दे दी थी, लेकिन नियमित संचालन की तिथि घोषित नहीं की गई थी। अब रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि 18 जनवरी से तीनों जोड़ी गाड़ियां नियमित रूप से चलाई जाएंगी।
अन्य ट्रेनों पर घटेगा दबाव, कन्फर्म टिकट मिलने की बढ़ेगी संभावना
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन नई ट्रेनों के शुरू होने से पहले से संचालित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम होगा। इससे न केवल यात्रा सुविधाजनक होगी, बल्कि कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी। यात्रियों को बेहतर समय-सारिणी और अतिरिक्त विकल्प मिल सकेंगे।कोरोना काल में बंद बरेली–बांदीकुई पैसेंजर फिर पटरी पर 54356-55 बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन को कोरोना काल में बंद कर दिया गया था। लंबे समय से इसके पुनः संचालन की मांग की जा रही थी। अब यह गाड़ी नए नंबर और नई समय -सारिणी के साथ फिर से पटरी पर दौड़ेगी। रेलवे ने इसके लिए रैक पहले ही उपलब्ध करा दिए हैं, जिससे संचालन में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी।
25 प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव
13065-66 आनंद विहार-हावड़ा अमृत भारत एक्सप्रेस को कुल 25 प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। यह ट्रेन बंदेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑनसोन, अनुग्रह नारायण रोड, गया, कोडरमा, पारसनाथ, एनएससीबी गोमो, धनबाद, वाराणसी, जौनपुर सिटी, सुल्तानपुर, महाराजा बिजली पासी, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, गजरौला, हापुड़ और गाजियाबाद स्टेशनों पर रुकेगी।
बरेली मंडल को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
इन ट्रेनों के संचालन से बरेली की दिल्ली, कोलकाता, राजस्थान, उत्तराखंड और महाराष्ट्र रूट से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। खासतौर पर अमृत भारत एक्सप्रेस के ठहराव से लंबी दूरी के यात्रियों को सीधी और तेज सेवा मिलेगी।
