उधमपुर : जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक यात्री बस गहरी खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। यह दुर्घटना रामनगर क्षेत्र के कागोट गांव के पास सोमवार सुबह हुई, जब बस पहाड़ी मोड़ पर अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी।
अधिकारियों के मुताबिक इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 15 से 20 के बीच पहुंच गई है, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि बस एक दूरदराज गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक तीखे मोड़ पर चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस खाई में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस बीच केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उधमपुर के अधिकारियों से बातचीत कर राहत कार्यों की जानकारी ली और गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। वहीं नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है।
इसके अलावा उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे पर दुख जताते हुए प्रशासन को राहत कार्य तेज करने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
