लखनऊ : उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए अहम फैसला लिया है। अब प्रदेश के किसान बिना फार्मर रजिस्ट्री के भी सरकारी क्रय केंद्रों पर अपना गेहूं बेच सकेंगे।
अब तक किसानों को गेहूं बेचने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य थी, जिसके कारण कई किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासतौर पर छोटे और सीमांत किसानों के लिए यह प्रक्रिया जटिल साबित हो रही थी। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने तुरंत प्रभाव से नियमों में ढील देने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस फैसले को तत्काल लागू किया जाए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। सरकार का मानना है कि इस कदम से खरीद प्रक्रिया तेज होगी और अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सकेगा।
इस फैसले के बाद किसानों में राहत और खुशी का माहौल है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे सरकारी खरीद केंद्रों पर गेहूं की आवक बढ़ेगी और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिल सकेगा।
