मुंबई : महाराष्ट्र के बारामती से एक बेहद गंभीर और चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आ रही है। मुंबई से बारामती आ रहा एक निजी चार्टर विमान आज सुबह लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा सुबह करीब 8 बजकर 45 मिनट पर हुआ, जब विमान बारामती एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश कर रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस विमान में उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित कुल पाँच लोग सवार बताए जा रहे थे। इनमें एक पीएसओ, एक अटेंडेंट और दो क्रू मेंबर शामिल थे। बताया जा रहा है कि विमान को लैंडिंग के वक्त तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसके बाद यह क्रैश लैंडिंग का शिकार हो गया।

घटनास्थल से सामने आए वीडियो बेहद डरावने हैं। विमान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है और आसपास मलबा बिखरा हुआ है। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियाँ इलाके को घेरकर जांच में जुट गई हैं। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी डीजीसीए ने इस दुर्घटना की पुष्टि की है और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। डीजीसीए ने बताया है कि विमान में सवार सभी लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और अन्य यात्रियों की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियाँ लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। हम दर्शकों से अपील करते हैं कि किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें। जैसे ही प्रशासन या सरकार की ओर से कोई पुख्ता जानकारी सामने आएगी, आपको तुरंत अवगत कराया जाएगा।
