बरेली : यूपी के बरेली में मंगलवार को अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया। दोपहर बाद तेज हवा और बारिश के साथ हुई जोरदार बिजली गिरने से फरीदपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के वाहनपुर गांव स्थित गौसिया मस्जिद के मीनार को नुकसान पहुंचा। तेज आवाज के साथ गिरी बिजली से मीनार की टाइल्स टूटकर नीचे गिर गईं, जबकि मस्जिद में लगे बिजली के उपकरण भी झुलस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बारिश के दौरान आसमान में लगातार तेज चमक और गड़गड़ाहट हो रही थी। इसी दौरान अचानक एक जोरदार आवाज के साथ बिजली मस्जिद के मीनार पर गिरी। गनीमत रही कि घटना के समय मस्जिद में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बारिश के साथ लौटी ठंड, सहमे लोग
मंगलवार की बारिश के बाद जिले में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिससे लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। मौसम विभाग पहले ही पश्चिमी विक्षोभ के असर से तेज हवा और बारिश की संभावना जता चुका था।
गांव में जुटी भीड़, नुकसान का लिया जायजा
घटना की सूचना फैलते ही गांव और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि मीनार के ऊपरी हिस्से की टाइल्स गिरने से परिसर में मलबा फैल गया है। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और जिम्मेदार लोग नुकसान का जायजा लेने पहुंचे। गांव के साबिर खां (गुड्डू) ने बताया कि बारिश के दौरान तेज आवाज में बिजली चमक रही थी। इसी दौरान मस्जिद के मीनार पर गिर गई। इससे मस्जिद के मीनार को नुकसान हो गया है। इसके साथ ही बिजली के उपकरण भी ध्वस्त हो चुके हैं।
पहले भी बारिश से फसलों को नुकसान
गौरतलब है कि बीते दिनों बरेली में हुई बारिश से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच चुका है। अब एक बार फिर मौसम के बदले मिजाज से किसान और ग्रामीण चिंतित नजर आ रहे हैं।
टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह घटना नमाज के समय होती, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
