लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र के अघैया गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। 85 वर्षीय रमाशंकर दीक्षित और उनकी 78 वर्षीय पत्नी सरला देवी की फर्राटा पंखे से करंट लगने के कारण मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब दोनों भोजन कर अपने कमरे में सोने चले गए थे।
सुबह कमरे में मिला शव, पंखा गिरा मिला सिर पर
मंगलवार को जब बुजुर्ग दंपति देर तक बाहर नहीं आए, तो उनकी नातिन रूबी उन्हें जगाने पहुंची। दरवाजा खोलते ही उसने देखा कि दोनों मृत अवस्था में ज़मीन पर पड़े थे, और पंखा सरला देवी के सिर पर गिरा हुआ था। रूबी के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य कमरे में पहुंचे और पंखा हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला।
बिना पोस्टमार्टम के किया अंतिम संस्कार
घटना के बाद गांव में मातम छा गया। मृतक के बड़े बेटे सुरेंद्र दीक्षित ने बताया कि रात तक सब सामान्य था, किसी को ऐसी घटना की आशंका नहीं थी। उन्होंने बताया कि “सुबह जब दरवाज़ा नहीं खुला, तो बेटी देखने गई, और अंदर यह हादसा सामने आया। हमने गांव में ही पारंपरिक तरीके से अंतिम संस्कार कर दिया।”परिवार ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। जिससे मौत के सटीक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
