फतेहपुर/लखनऊ : यूपी के फतेहपुर जिले से एक अजब लेकिन गंभीर मामला सामने आया है। राधानगर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले पंकज अग्रहरी ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी ने एक-दो नहीं बल्कि पांच शादियां रचाई हैं, और अब उसके छोटे भाई (देवर) से प्रेम संबंध में है। यही नहीं, महिला पर पति की पिटाई कराने और सास -ससुर को घर से निकालने के भी आरोप लगे हैं।
पांचवीं शादी थी पंकज से
पीड़ित पंकज की शादी 16 अप्रैल को बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला से हुई थी। शादी के कुछ महीनों तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक महिला का व्यवहार बदलने लगा। पंकज का दावा है कि “शादी के बाद पत्नी का मेरे छोटे भाई से प्रेम संबंध शुरू हो गया। बाद में पता चला कि वह मुझसे पहले चार और शादियां कर चुकी है। मैं उसका पांचवां शौहर हूँ।”
घर से जेवर और नकदी गायब, सास -ससुर को भी निकाला
पीड़ित का आरोप है कि महिला ने घर का कीमती सामान, जेवरात और नकदी अपने मायके भेज दिए । सास-ससुर को घर से बेघर कर दिया। बाहरी युवकों से कई बार उसकी पिटाई करवाई। यह भी कहा जा रहा है कि महिला अक्सर पंकज को धमकी देती थी और उसकी जान को खतरा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित ने राधानगर थाने में शिकायती पत्र देकर सुरक्षा की मांग की है।थानाध्यक्ष ने मीडिया को बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही महिला और आरोपितों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
