जालौन/लखनऊ : यूपी के जालौन जनपद के गोहन थाना क्षेत्र अंतर्गत सरावन कंचनपुर गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों को पुलिया के नीचे एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुनील कुशवाहा के रूप में हुई है, जो रविवार रात गांव के ही कुछ लोगों के साथ शराब पार्टी में शामिल था। देर रात वह घर नहीं लौटा। मगर, अब उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला।
हत्या से पहले हुई थी शराब पार्टी, फिर विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि रविवार रात सुनील कुछ लोगों के साथ शराब पीने गया था। सीओ माधौगढ़ राम सिंह ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि नशे में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो घातक झगड़े में बदल गई। शव की हालत और गले पर धारदार हथियार से हमला होने के निशान इस बात की पुष्टि करते हैं कि हत्या पूर्व नियोजित नहीं बल्कि अचानक हुई झड़प का नतीजा हो सकती है।
पुलिस ने दो संदिग्धों को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इसके साथ ही दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीओ राम सिंह ने कहा कि, “मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, जल्द ही असली आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।”
गांव में भय और आक्रोश का माहौल
इस जघन्य हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब और आपसी रंजिश की वजह से गांव में पहले भी छोटे-मोटे विवाद होते रहे हैं, लेकिन इस तरह की हत्या ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
