लखनऊ : पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े रियल एस्टेट कारोबारी संदीप कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने कारोबारी को उस समय निशाना बनाया, जब वह अपने दफ्तर पहुंच रहे थे। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दफ्तर पहुंचते ही हमला, 50 सेकंड में वारदात
जानकारी के मुताबिक जौनपुर निवासी संदीप कुमार वर्तमान में पीजीआई क्षेत्र के वृंदावन इलाके में किराये के मकान में रहकर रियल एस्टेट का कारोबार करते थे। उनका दफ्तर कल्ली पश्चिम क्षेत्र में स्थित था। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने कर्मचारी विपिन कुमार के साथ कार से दफ्तर पहुंचे। जैसे ही वह फोन पर बात करते हुए कार से उतरकर दफ्तर की ओर बढ़े, तभी सफेद गमछा बांधे एक युवक ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावर ने संदीप को तीन गोलियां मारीं, जिनमें एक गोली सीने, दूसरी पेट और तीसरी सिर में लगी।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
वारदात के बाद हमलावर बाइक सवार अपने साथी के साथ रायबरेली रोड की तरफ फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर कर्मचारी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस के मुताबिक पूरी वारदात करीब 50 सेकंड में अंजाम दी गई। फुटेज से यह भी आशंका जताई जा रही है कि हमलावर पहले से कारोबारी के आने का इंतजार कर रहे थे।
कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस
डीसीपी साउथ अमित आनंद ने बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस जमीन विवाद, पुरानी रंजिश और पैसों के लेनदेन समेत कई पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आसपास के कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
