बरेली : यूपी के बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में चर्चित जुनैद हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब छह महीने से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी बलवन्त सिंह उर्फ अनमोल को थाना फरीदपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी और उसके खिलाफ एसएसपी अनुराग आर्य की ओर से इनाम भी घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
दावत के बहाने बुलाकर की गई थी जुनैद की हत्या
पुलिस के मुताबिक 30 नवंबर 2025 को फरीदपुर क्षेत्र निवासी नन्हे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पुत्र जुनैद को आरोपी लवी उर्फ लवप्रीत ने अपने भाई बलवन्त उर्फ अनमोल और साथी सनी उर्फ सुखवन्त के साथ दावत के बहाने बुलाया था। आरोप है कि पहले जुनैद के साथ मारपीट की गई और बाद में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को हजियापुर के पास नहर की पुलिया के नीचे फेंक दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इससे पहले आरोपी लवी और सनी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि बलवन्त लगातार फरार चल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर बीसलपुर अंडर बाईपास से गिरफ्तारी
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि इनामी आरोपी बलवन्त सिंह उर्फ अनमोल बीसलपुर अंडर बाईपास इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना फरीदपुर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक काले रंग का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पूछताछ में आरोपी ने किया बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक जुनैद उसके भाई लवी का मित्र था और उसका उनके घर आना-जाना था। इसी दौरान जुनैद और आरोपी की बहन के बीच नजदीकी संबंध बन गए थे। आरोपी के मुताबिक घटना वाली रात उसके भाई ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिससे वह काफी नाराज हो गया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने वीडियो कॉल के जरिए अपने भाई और उसके साथी को जुनैद के साथ मारपीट करने और बाद में उसकी हत्या करने के लिए कहा था। आरोपी ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार करने की बात भी कही है।
