मृतका का फोटो
बरेली : यूपी के बरेली देहात के सिरौली थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है।बरसेर गांव में एक युवती की संदिग्ध मौत के मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब परिवार द्वारा बीमारी से मौत की बात कही गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हो गई। पुलिस ने मामले में मृतका के पिता और दो भाइयों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

फोन पर बात करते देख भड़का पिता, बेटी की मौत का आरोप
जानकारी के मुताबिक रात युवती क्रांति अपने मोबाइल फोन पर अपने प्रेमी से बात कर रही थी। इसी दौरान उसके पिता ने उसे फोन पर बात करते हुए देख लिया।आरोप है कि इसके बाद पिता गुस्से में आ गए और उन्होंने बेटी का गला दबा दिया। आरोप है कि गला दबाने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
मौत को बीमारी बताकर अंतिम संस्कार की हो रही थी तैयारी
इस घटना के बाद परिजनों ने गांव में यह बात फैलानी शुरू कर दी कि युवती की मौत उल्टी-दस्त की वजह से हुई है। मंगलवार सुबह जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच गांव के एक व्यक्ति ने पूरे मामले की सूचना पुलिस को दे दी। इसके बाद मामला अचानक पलट गया।
पुलिस को बयानों में दिखा विरोधाभास, बढ़ा शक
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अंतिम संस्कार रुकवा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ शुरू की, लेकिन परिवार के सदस्यों के बयान आपस में मेल नहीं खा रहे थे। पुलिस को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुला राज, पिता और दो भाई हिरासत में
मंगलवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत का कारण गला दबाना सामने आया। इसके बाद मृतका के चाचा की तहरीर पर पिता और दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
क्या बोले सीओ मीरगंज?
सीओ मीरगंज ने बताया कि 26 मई को थाना सिरौली क्षेत्र के ग्राम बरसेर में एक युवती की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। पुलिस और उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण “थ्रॉटलिंग” यानी गला दबाना सामने आया है। मृतका के चाचा की तहरीर पर पिता और दो भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस साक्ष्य जुटाकर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
