पीलीभीत के सुनगढ़ी क्षेत्र में वारदात का खुलासा, महिला के कानों के टॉप्स, मंगलसूत्र और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद
पीलीभीत: जिले के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में महिला से सोने के आभूषण छीनने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी किराये पर कमरा देखने के बहाने महिला के घर पहुंचे थे और मौका पाकर उनके कानों के टॉप्स व गले में पहना मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए थे। सुनगढ़ी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
कमरा देखने पहुंचे, झपट्टा मारकर आभूषण छीनने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किराये पर कमरा देखने के बहाने दो युवक उनके घर पहुंचे। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर झपट्टा मारकर महिला के कानों के टॉप्स और गले में पहना सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर सुनगढ़ी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया।
बरेली के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी, आभूषण और बाइक बरामद
पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर को सुनगढ़ी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान बरेली जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र निवासी अर्थव उर्फ वंश कश्यप और अभिषेक उर्फ आयुष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु का एक मंगलसूत्र पेंडल, एक जोड़ी कान के टॉप्स और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद करने का दावा किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने दी कार्रवाई की जानकारी
अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि महिला से आभूषण छीनने की घटना का 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्टर: ऋतिक द्विवेदी
