बरेली: भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर बुधवार को महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा के नेतृत्व में चौकी चौराहा स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद गांधी पार्क में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें कांग्रेस नेताओं ने नेहरू जी के व्यक्तित्व और देश निर्माण में उनके योगदान पर विचार व्यक्त किए।

नेताओं ने याद किया नेहरू का योगदान
गोष्ठी को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का व्यक्तित्व और नेतृत्व देश के लिए समर्पण का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत जीवन में किसी भी चीज की कमी न होने के बावजूद नेहरू जी ने देश और देशवासियों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कई वर्ष जेल में भी बिताए।
शिक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों पर दिया जोर
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को नेहरू जी के विचारों से सीख लेने की आवश्यकता है। वहीं पूर्व विधायक मास्टर छोटे लाल गंगवार ने कहा कि आज देश में आईआईटी, आईआईएम जैसे संस्थान और बड़े विकास कार्य नेहरू जी की दूरदर्शी सोच का परिणाम हैं।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को याद किया।
