‘असफल मुख्यमंत्री’ से लेकर बिजली मंत्री तक… सपा प्रमुख ने बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में बिजली संकट और कटौती को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने ट्वीट में सरकार की कार्यशैली, मुख्यमंत्री और बिजली मंत्री के रिश्तों पर भी सवाल उठाए।
“जनता भाजपा को धो-पटककर सुखा देगी”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में लिखा कि अगले चुनाव में जनता भाजपा को “अच्छे से धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शुक्र है मुख्यमंत्री ने बिजली संकट के पीछे“दिल्लीवालों के भेजे हुए दूत” की साजिश नहीं बताई।
बिजली मंत्री पर भी उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने पूछा कि आखिर मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में बिजली मंत्री शामिल होते हैं या उन्हें बुलाया ही नहीं जाता। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर बिजली मंत्री बैठक में आते हैं तो मुख्यमंत्री उनके “कंधे पर हाथ रखकर” एक तस्वीर साझा कर दें, ताकि जनता को सरकार की “आपसी गर्मी” से ही कुछ राहत मिल जाए।
“भाजपा में अब करेंट नहीं रहा”
अपने ट्वीट में अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार में बिजली सब-स्टेशनों पर PAC तैनात करनी पड़ रही है और भाजपा विधायक-सांसद अपनी ही सरकार के खिलाफ चिट्ठियां लिख रहे हैं। उन्होंने इसे जनता के गुस्से से बचने की कोशिश बताते हुए कहा-“भाजपा में अब करेंट नहीं रहा!
बिजली कटौती को लेकर बढ़ रही सियासत
प्रदेश में लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की शिकायतों के बीच विपक्ष सरकार को घेरने में जुटा है। वहीं सपा प्रमुख का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
