पिकअप का पंचर बदलते समय अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर, चालक समेत चार युवकों की मौत; पुलिस आरोपी वाहन की तलाश में जुटी
कौशांबी : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। सैनी कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर में सड़क किनारे पिकअप वाहन का पंचर बदल रहे चार युवक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सैनी कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर स्थित कंगन होटल के सामने एक पिकअप वाहन पंचर हो गया था। चालक और उसके साथी सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का पंचर बदल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतकों की पहचान सिराथू निवासी साबिर, अकबर (दोनों पुत्र शरीफ), अनवर पुत्र मुमताज निवासी मूरतगंज तथा एहसान पुत्र सपातुल्लाह निवासी रसूलपुर, थाना कोखराज के रूप में की है। चारों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा मंगलवार देर रात हुआ। पुलिस का कहना है कि आरोपी वाहन चालक की तलाश के लिए विशेष टीम लगाई गई है। जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।