कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा फेरबदल, संगठित अपराध पर पुलिस का शिकंजा और तेज
बरेली: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने दो बड़े फैसले लिए। एक ओर जिले के चार थाना प्रभारियों के तबादले कर कई अहम थानों की जिम्मेदारी बदली गई, वहीं दूसरी ओर गौकशी, मादक पदार्थों की तस्करी और लूटपाट में शामिल तीन संगठित अपराधी गिरोहों को जिला स्तरीय माफिया घोषित कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि अब इन गिरोहों के खिलाफ सिर्फ मुकदमे ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध संपत्तियों और आर्थिक नेटवर्क पर भी कार्रवाई की जाएगी।
4 थानों के प्रभारी बदले
एसएसपी के आदेश के अनुसार सीबीगंज प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी को विशारतगंज थाना प्रभारी बनाया गया है। महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन में तैनात निरीक्षक छवि सिंह को महिला थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सिरौली थाना प्रभारी विनोद सिंह का तबादला कर उन्हें सीबीगंज थाना प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र की बिहारीपुर चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक रोहित कुमार को सिरौली थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। सभी को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासनिक समायोजन के साथ कानून-व्यवस्था पर फोकस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकता और जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के।उद्देश्य से किया गया है। नई तैनाती के जरिए पुलिसिंग को मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने की रणनीति अपनाई गई है।
गौकशी करने वाला गिरोह जिला स्तरीय माफिया घोषित
संगठित अपराध के खिलाफ अभियान के तहत थाना फरीदपुर पुलिस की जांच रिपोर्ट के आधार पर गौकशी में लिप्त एक गिरोह को जिला स्तरीय माफिया घोषित किया गया है। पुलिस के मुताबिक फातून निवासी मेवासर्फापुर अपने साथियों के साथ लंबे समय से संगठित तरीके से गौकशी कर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहा था। इस गिरोह में बेचे खां, तैय्यब उर्फ तोईयाब खां, याकूब खां और कासिम के नाम भी शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह की अवैध संपत्तियों और आर्थिक गतिविधियों की जांच करेगी।
नशा तस्करी करने वाला आरोपी भी माफिया घोषित
थाना फरीदपुर पुलिस की जांच में मोहम्मद शेर खान मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त पाया गया। उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अवैध कारोबार के आधार पर उसे भी जिला स्तरीय माफिया घोषित किया गया है। पुलिस अब उसकी आय के स्रोत, संपत्तियों और आर्थिक नेटवर्क की विस्तृत जांच करेगी।
लूटपाट करने वाले गिरोह पर भी बड़ा शिकंजा
थाना शाही पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर नन्हू उर्फ नन्हे उर्फ लालताप्रसाद के गिरोह को भी जिला स्तरीय माफिया घोषित किया गया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देकर आर्थिक लाभ कमा रहा था।
इस गिरोह में गिरीश पाल उर्फ गुड्डू, धर्मेन्द्र, चन्द्र प्रकाश और राहुल शामिल बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह की गतिविधियों से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था।
अब अपराधियों की संपत्तियों और आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई
बरेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई केवल माफिया घोषित करने तक सीमित नहीं रहेगी।संबंधित गिरोहों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों, बैंकिंग और आर्थिक लेन-देन, पैसों के स्रोत तथा पूरे आपराधिक नेटवर्क की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के आर्थिक तंत्र को ध्वस्त करने पर विशेष फोकस रहेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रशासनिक फेरबदल और संगठित अपराध के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
