एटा रोड पर मेमड़ा गेट के पास भीषण हादसा, मैनपुरी के दोनों युवक दवा लेकर लौट रहे थे, पुलिस ने बोलेरो और बाइक कब्जे में ली
कासगंज : उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के सिढ़पुरा कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एटा रोड पर गांव मेमड़ा गेट के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार मैनपुरी जिले के भोगांव थाना क्षेत्र के गांव विनोदपुर निवासी धनीराम (50) पुत्र सरवन और अनिल (50) पुत्र अहिवरन रविवार सुबह बाइक से सिढ़पुरा दवा लेने आए थे। दवा लेकर दोनों अपने गांव वापस लौट रहे थे।
एटा रोड पर गांव मेमड़ा गेट के पास मोड़ पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सिढ़पुरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बोलेरो और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।