सपा प्रमुख ने कहा- शिक्षा अच्छी हो, परीक्षा सच्ची हो,राम मंदिर चढ़ावा, पेपर लीक, शिक्षकों और ग्राम रोजगार सेवकों के मुद्दे पर किए कई बड़े वादे
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा सरकार पर एक के बाद एक कई बड़े राजनीतिक हमले किए। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा विवाद, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, शिक्षकों, ग्राम रोजगार सेवकों और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। इसके साथ ही 2027 में सरकार बनने पर नौकरी का कैलेंडर जारी करने, शिक्षकों और ग्राम रोजगार सेवकों की मांगों को घोषणा पत्र में शामिल करने का वादा भी किया।
कोचिंग संचालकों पर दर्ज मुकदमे वापस किए जाएं

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पेपर लीक, शिक्षकों और अभ्यर्थियों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाने वाले कोचिंग संचालकों पर दर्ज मुकदमे वापस होने चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ‘नौकरी का कैलेंडर’ जारी किया जाएगा। जिससे समयबद्ध तरीके से भर्तियां कर बेरोजगारी की समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर भर्ती प्रक्रियाओं को रोक रही है और आरक्षण, एनएफएस (Not Found Suitable), लेटरल एंट्री तथा अन्य प्रक्रियाओं के जरिए युवाओं के अवसर कम किए जा रहे हैं।
भाजपा परीक्षा प्रणाली का रावण

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ी के कई रूप हैं। उन्होंने पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने, परिणाम लटकने, गलत प्रश्नपत्र, आरक्षण से जुड़े मुद्दों और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी को लेकर सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने अपना नारा दोहराते हुए कहा-“शिक्षा अच्छी हो, परीक्षा सच्ची हो, तो तरक्की पक्की हो।”
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर भी साधा निशाना
राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा और दान के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि “भाजपा और उनके संगी-साथियों के पाप की सजा अयोध्यावासी क्यों भुगतें?” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा “हिसाब से लेकर किताब तक हर जगह घपला करती है।”
ग्राम रोजगार सेवकों को दिया बड़ा भरोसा
लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में ग्राम रोजगार सेवक (पंचायत मित्र) वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। अखिलेश यादव ने कहा कि यदि उनकी सरकार बनी तो ग्राम रोजगार सेवकों की न्यायोचित मांगों को 2027 के विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्ष 2006 से कार्यरत हजारों ग्राम रोजगार सेवकों का अब तक नियमितीकरण नहीं हुआ है।
शिक्षकों के लिए भी किए कई वादे
विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशियों के साथ बैठक में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा शिक्षा और शिक्षकों का सम्मान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में शिक्षा व्यवस्था कमजोर हुई है और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की विभिन्न मांगों, जैसे पुरानी पेंशन बहाली, वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय, आधुनिक मदरसा शिक्षकों का वेतन, संस्कृत विद्यालयों की समस्याओं का समाधान, शिक्षामित्रों का समायोजन और अन्य मुद्दों, पर गंभीरता से विचार कर उन्हें घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।
मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने गोरखपुर की दो मेधावी छात्राओं कनिष्का फिलिप और निया टेरेसा जोसेफ को लैपटॉप देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। दोनों छात्राओं ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए हैं।
भाजपा अध्यक्ष के दौरे पर भी कसा तंज
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तर प्रदेश दौरे को लेकर भी अखिलेश यादव ने कटाक्ष किया। उन्होंने दावा किया कि जनता के गुस्से और कथित चढ़ावा विवाद के कारण भाजपा को अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में भाजपा संगठन जनता के आक्रोश का सामना कर रहा है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
