बरेली : माँ पूर्णागिरि मेले के दौरान बढ़ने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी घोषणा की है। इज्जतनगर मंडल ने 06 मार्च से 30 जून, 2026 तक दो जोड़ी अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेनों का दैनिक संचालन किया जाएगा। ये विशेष गाड़ियां 05307/05308 टनकपुर-बरेली जं.- टनकपुर तथा 05451/05452 कासगंज-टनकपुर-कासगंज के रूप में निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चलाई जाएंगी।
मेला स्पेशल सुबह पहुंचेगी टनकपुर
05308 बरेली जं.-टनकपुर मेला स्पेशल सुबह टनकपुर पहुंचेगी। इसके साथ ही 05308 मेला स्पेशल बरेली जंक्शन से 01:50 बजे प्रस्थान कर बरेली सिटी, इज्जतनगर,भोजीपुरा, सेंथल बिजौरिया, शाही, पीलीभीत, न्योरिया हुसैनपुर, मझोला पकड़िया और खटीमा होते हुए टनकपुर 05:40 बजे पहुंचेगी।
ऐसे लौटेगी वापसी में
यह ट्रेन वापसी में 05307 टनकपुर- बरेली जं. मेला स्पेशल टनकपुर से 21:35 बजे चलकर अगले दिन 01:00 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। इसके अलावा 05451 कासगंज- टनकपुर सवारी गाड़ी मेला स्पेशल कासगंज से 04:35 बजे प्रस्थान कर सोरों, बदायूं, बरेली जंक्शन, इज्जतनगर, भोजीपुरा, पीलीभीत, खटीमा और बनबसा होते हुए 12:15 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
रात आठ बजे आएगी कासगंज
वापसी में 05452 टनकपुर- कासगंज मेला स्पेशल दोपहर 13:10 बजे टनकपुर से चलकर शाम 20:00 बजे कासगंज पहुंचेगी। इसके संचालन से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि पूर्णागिरि मेले के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु टनकपुर पहुंचते हैं। ऐसे में इन अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को सुगम, सस्ती और सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि यात्रियों की भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और अधिकृत टिकट के साथ ही सफर करें।
