बिलसंडा : यूपी के पीलीभीत जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जमीन के लालच में एक भाई ने अपने ही छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के अंदर करीब आठ फुट गहरा गड्ढा खोदकर जमीन में दबा दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
मामला बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के लिलहर गांव का है। जानकारी के मुताबिक भौरूआ गांव निवासी 35 वर्षीय हंसराज, करन सिंह का बेटा था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह अपने बड़े भाई पृथ्वीराज के साथ भौरूआ गांव में रहता था, जबकि मझला भाई नक्षत्रपाल सिंह अपने परिवार के साथ ननिहाल लिलहर गांव में रह रहा था। परिजनों के अनुसार ननिहाल में करीब सात बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए 12 दिसंबर को हंसराज अपने बड़े भाई को जानकारी देकर लिलहर गांव गया था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
कई दिनों तक हंसराज के घर न लौटने पर बड़े भाई पृथ्वीराज को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और मझले भाई नक्षत्रपाल पर हत्या का शक जताया। शुक्रवार शाम करीब चार बजे पुलिस टीम लिलहर गांव पहुंची और नक्षत्रपाल से कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान नक्षत्रपाल टूट गया और उसने स्वीकार किया कि 14 दिसंबर को उसने हंसराज की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी थी। आरोपी के मुताबिक पहले उसने गांव के बाहर मंडी के पास हंसराज की बेरहमी से पिटाई की, फिर उसे घर लाकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को घर में ही करीब आठ फुट गहरा गड्ढा खोदकर जमीन में दबा दिया।
हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस ने गड्ढा खुदवाकर शव बरामदगी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मौके पर सीओ बीसलपुर प्रगति चौहान भी पहुंचीं और पूरे मामले की निगरानी की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। जमीन के लालच में रिश्तों के खून से सने इस मामले ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है।
