बरेली: जिले में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर कई ठोस और सख्त निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हाईवे से 500 मीटर के दायरे में स्थित सभी शराब की दुकानों को हटवाया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को नवंबर माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं और उनके उपचार से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए।
संवेदनशील रोड में बढ़ेंगी एंबुलेंस और क्रेन

डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जो जिले सड़क दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील हैं, वहां क्रेन और एंबुलेंस की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि हादसे के समय तुरंत राहत पहुंचाई जा सके।
पेट्रोल पंप और टोल प्लाजा पर जागरूकता अभियान

बैठक में निर्देश दिए गए कि पेट्रोल पंप और टोल प्लाजा पर सड़क सुरक्षा से जुड़े होर्डिंग और बैनर लगाए जाएं, जिससे आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके।
रात में दिखें ट्रैक्टर-ट्रॉलियां

जिला गन्ना अधिकारी को निर्देश दिए गए कि भारी वाहनों और ट्रैक्टर -ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि वे रात के समय स्पष्ट रूप से दिखाई दें और दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। वहीं आरटीओ को हाईवे और कट प्वाइंट्स पर हाई मास्क लाइट लगाने के निर्देश दिए गए।
डबल डेकर बसों की होगी सुरक्षा
परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी डबल डेकर बसों में सुरक्षा मानकों की जांच सुनिश्चित की जाए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को उन स्थानों पर ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए, जहां यह कार्य अभी लंबित है।
स्कूलों में बच्चों को किया जाएगा जागरूक
डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि सभी स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए।
सड़क सुरक्षा पर होगा बड़ा अभियान
बैठक में यह भी तय किया गया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बड़ा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग भगत सिंह, जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
