मृतक विशाल की फोटो
बरेली: यूपी के बरेली जिले के भुता थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्राम फैजनगर निवासी 22 वर्षीय विशाल का शव शुक्रवार को गांव के बाहर अमृत सरोवर तालाब के किनारे पड़ा मिला। जैसे ही ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
जानकारी के अनुसार विशाल करीब 10 दिन पहले अपनी पत्नी मुस्कान को मनाने के लिए उत्तराखंड के सितारगंज स्थित ससुराल गया था। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण टहलने निकले, तो उन्होंने तालाब किनारे उसका शव देखा। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार के मुताबिक मृतक के शरीर पर फिलहाल किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डेढ़ महीने से मायके में थी पत्नी
मृतक के पिता रिंकू ने बताया कि विशाल की पत्नी मुस्कान डेढ़ महीने पहले नाराज होकर मायके चली गई थी। दोनों की पांच महीने की एक बच्ची भी है। विशाल इससे पहले भी दो बार पत्नी को लेने ससुराल गया था, लेकिन वह वापस नहीं आई। 10 दिन पहले वह तीसरी बार पत्नी को मनाने गया था, लेकिन इस बार भी पत्नी नहीं लौटी। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक तनाव के चलते विशाल ने आत्मघाती कदम उठाया। गांव में पसरा मातम, हर पहलू की जांच
गांव में छाया मातम
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामला संवेदनशील है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और वजह है।
फिलहाल, युवक की रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।
