सुभाषनगर रोड स्थित वाइन शॉप पर हंगामा, सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस
बरेली : यूपी के बरेली में पसंदीदा शराब का ब्रांड न मिलने पर दबंगों ने कानून को हाथ में ले लिया। जंक्शन से सुभाषनगर रोड पर स्थित एक वाइन शॉप पर मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने सेल्समैन के सिर पर शराब की बोतल फोड़ दी। हमले में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर के सिविल लाइंस निवासी नितीश कुमार ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सुभाषनगर क्षेत्र स्थित वाइन शॉप नंबर-1 पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। उनके साथ जयवीर और राजेश भी दुकान पर मौजूद थे। बताया जाता है कि उस वक्त दुकान पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान दो युवक आए और अपनी पसंद का शराब ब्रांड मांगने लगे।
शराब देने में देरी पर हंगामा
बताया जाता है कि दुकान पर भीड़ अधिक होने के कारण शराब देने में थोड़ी देर हो गई। इसी बीच जब सेल्समैन ने बताया कि मांगा गया ब्रांड फिलहाल उपलब्ध नहीं है, तो दोनों युवक भड़क गए और गाली -गलौज शुरू कर दी। कुछ ही देर में उन्होंने अपने दो अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। चारों दबंगों ने मिलकर सेल्समैन नितीश और उसके साथियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान से शराब की बोतल उठाई और जयवीर के सिर पर दे मारी। जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में जयवीर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने शुरू की जांच पड़ताल
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।इस घटना ने एक बार फिर शराब दुकानों पर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
