हापुड़ : दिल्ली–लखनऊ हाईवे पर दिनदहाड़े हुई 85 लाख रुपये की लूट ने सनसनी फैला दी है। यह पूरी वारदात किसी फिल्मी सीन से कम नहीं थी, जिसका वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे बाइक सवार बदमाशों ने चलते-चलते कारोबारी के मुनीम को निशाना बनाया और पलक झपकते ही लाखों रुपये लूटकर फरार हो गए।
यह घटना 15 दिसंबर को पिलखुवा थाना क्षेत्र के सरस्वती फ्लाईओवर के पास दोपहर करीब 2:30 बजे की है। नोएडा के दादरी निवासी 42 वर्षीय अजय पाल, जो घी, तेल और चीनी के बड़े कारोबारी गोपाल के यहां मुनीम हैं, साप्ताहिक कलेक्शन कर बाइक से लौट रहे थे। अजय पाल ने उस दिन फुटकर व्यापारियों से करीब 85 लाख रुपये की रकम कलेक्ट की थी और पैसों से भरा पिट्ठू बैग लेकर ऑफिस जा रहे थे।
इसी दौरान सफेद अपाचे बाइक पर सवार हेलमेट लगाए दो बदमाश पीछे से आए। उन्होंने पहले अजय की बाइक को ओवरटेक किया और फिर अपनी बाइक को उसकी बाइक से सटा दिया। पीछे बैठे बदमाश ने अचानक अजय का कॉलर पकड़ लिया, जिससे उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। गिरते ही बदमाशों ने उसे थप्पड़ मारे और कनपटी पर तमंचा सटाकर धमकाया।
इसके बाद बदमाशों ने पिट्ठू बैग छीन लिया और तमंचे की बट से अजय के सिर पर वार किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नहर की पटरी के रास्ते जारचा–दादरी की ओर फरार हो गए। पैर में चोट लगने के कारण अजय पाल उनका पीछा नहीं कर सके। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल अजय को सरस्वती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां सिर और पैर में आई चोटों का इलाज किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एडीजी भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी समेत मेरठ जोन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एएसपी विनीत भटनागर के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया।
शुक्रवार को हापुड़ पुलिस ने इस सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 62 लाख रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक काले रंग का पिट्ठू बैग, वारदात में इस्तेमाल कार और एक बाइक बरामद की है। पुलिस का कहना है कि बाकी रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं और आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
