लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हापुड़ जनपद के आलू किसानों को लेकर भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने साफ कहा है कि आलू किसानों का बकाया भुगतान तत्काल किया जाए, अन्यथा समाजवादी पार्टी स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर इस आंदोलन को और बड़ा करेगी।।सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा की नीति खेती-किसानी को जानबूझकर इतना कठिन और कष्टप्रद बना देने की है। जिससे किसान हताश होकर खेती छोड़ने पर मजबूर हो जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि किसान अपनी ज़मीन और खेती भाजपाई धन्ना सेठों को सौंप दें।
खेती पर कब्जे की साजिश का आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पहले भाजपा खेती पर कब्जा करेगी, फिर खाने-पीने की चीज़ों को मनमाने दामों पर बेचकर बेतहाशा मुनाफाखोरी करेगी। इससे महंगाई बढ़ेगी और अंत में किसान अपनी ही ज़मीन पर मज़दूर बनकर शोषण झेलने को मजबूर होगा।
किसान किससे लड़े?- अखिलेश यादव का सवाल
सपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि किसान आखिर किससे लड़े? बीज, खाद, पानी और बिजली के लिए
सूखा, बाढ़ और कीटों के हमलों से
भ्रष्ट सरकारी कर्मचारियों और बीमा कंपनियों से भुगतान न करने वाली कंपनियों और मिलों से या फिर उन काले कानूनों को लाने वाली किसान विरोधी भाजपा सरकार से, जो चंदा-कमीशन लेकर शोषणकारी कंपनियों को बचाती है?
आलू खरीद के वादे कहां गए?
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार आलू खरीद के लिए करोड़ों रुपये के आवंटन की बात कर रही थी, अब वह पैसा और वह वादा कहां गया? भाजपा सरकार ने किसानों को हमेशा ठगने का काम किया है, जो पूरी तरह निंदनीय है। “भाजपा जाएगी, तभी खेती मुस्कुराएगी” अपने बयान के अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि जब तक भाजपा सरकार रहेगी, किसानों का शोषण जारी रहेगा। उन्होंने दो टूक कहा-“भाजपा जाएगी, तभी खेती मुस्कुराएगी।” यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिमी यूपी समेत कई जिलों में आलू किसानों का भुगतान लंबे समय से लंबित है और किसानों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है।
