दिल्ली : राजधानी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक बेटे ने अपनी ही मां, भाई और बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान यशवीर के रूप में हुई है। उसने थाने पहुंचकर बताया कि वह लंबे समय से आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ से परेशान था। इसी मानसिक दबाव में उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। मृतकों की पहचान कविता (46 वर्ष), उनकी बेटी मेघना (24 वर्ष) और बेटे मुकुल (14 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी एक साथ मंगल बाजार रोड स्थित किराये के मकान में रहते थे।
जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे यशवीर लक्ष्मी नगर थाने पहुंचा और उसने खुद पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। आरोपी ने बताया कि परिवार की आर्थिक हालत बेहद खराब थी और उस पर कर्ज भी था। इसी तनाव के चलते उसने पहले खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार के सदस्यों को खिलाया। जब सभी बेहोश हो गए, तब उसने मां, बहन और छोटे भाई का गला दबाकर हत्या कर दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के पीछे कोई और वजह तो नहीं है।
इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है। पड़ोसी और स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं और किसी को यकीन नहीं हो पा रहा कि आर्थिक तंगी एक इंसान को इस हद तक ले जा सकती है।
