प्रयागराज : प्रयागराज से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां जमीन विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों के शव घर के पास स्थित कुएं से बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में परिवार के ही एक युवक को आरोपी बताया है, जिसने हत्या की बात कबूल कर ली है।
यह घटना प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र के लोकापुर विशानी गांव की है। शनिवार से लापता पिता, बेटी और नातिन की तलाश के दौरान सोमवार को घर के पास कुएं से तीनों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान राम सिंह पटेल (55), उनकी बेटी साधना देवी (24) और नातिन आस्था देवी (14) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह जमीन का विवाद था। राम सिंह के दो बेटे हैं बड़ा बेटा मुकेश कुमार और छोटा बेटा मुकुंद लाल। पिता ने दो साल पहले अपनी साढ़े चार बीघा जमीन छोटे बेटे मुकुंद लाल के नाम कर दी थी, जिससे बड़ा बेटा मुकेश नाराज चल रहा था। शनिवार को इसी विवाद को लेकर दोनों भाइयों में झगड़ा हुआ था। आरोप है कि मुकेश कुमार ने छोटे भाई मुकुंद लाल पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली उसके चेहरे और गर्दन को छूते हुए निकल गई। घायल मुकुंद को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के अनुसार, इसी घटना के बाद मुकेश कुमार ने पिता राम सिंह, बहन साधना और भांजी आस्था की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और तीनों के शव कुएं में फेंक दिए। जब मुकुंद लाल अस्पताल से लौटकर घर पहुंचा तो परिवार के सदस्य लापता मिले। इसके बाद उसने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने खोजबीन के दौरान कुएं से शव बरामद किए।
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची। आरोपी मुकेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जमीन विवाद में हुई इस तिहरी हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
