बरेली: थाना भुता पुलिस ने बैंकिंग फ्रॉड के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो आम लोगों को झांसे में लेकर उनके आधार और पैन कार्ड से फर्जी दस्तावेज़ तैयार कर Mule Account खुलवाते थे और फिर उन खातों के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध लेन-देन करते थे।
उदयपुर पुलिया के पास से गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर कस्बा भुता स्थित उदयपुर पुलिया के पास से शाहिद और अमित गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान शाहिद के पास से एक मोबाइल फोन और 3,000 रुपये नकद, जबकि अमित गुप्ता के पास से एक मोबाइल फोन और 3,000 रुपये नकद बरामद हुए।
ऐसे रचा गया ठगी का जाल
जांच में सामने आया है कि आरोपी भोले-भाले लोगों को व्यापार बढ़ाने का झांसा देते थे। उनसे आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज़ लेकर फर्जी तरीके से कूटरचित कागज़ात तैयार करते थे। इसके बाद इन दस्तावेज़ों के आधार पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए जाते थे, जिन पर पूरा नियंत्रण आरोपी खुद रखते थे।
कई फर्जी फर्मों के नाम पर कारोबार
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने सत्य साहब ट्रेडर्स के अलावा महावीर ट्रेडिंग कंपनी, महाकाल ट्रेडर्स और सुमित ट्रेडर्स के नाम से भी फर्जी फर्में खड़ी कीं। इन फर्मों के खातों का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर पैसों का अनाधिकृत लेन-देन किया गया।
बैंक खातों पर था पूरा कब्जा
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि जिन लोगों के नाम पर खाते खुलवाए गए, उनसे चेकबुक और खाते से जुड़े सभी दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर कराकर अपने पास रख लिए जाते थे। इसके बाद इन्हीं खातों के जरिए करोड़ों रुपये का ट्रांजैक्शन किया गया।
इन धाराओं में दर्ज है मुकदमा
थाना भुता में दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की गंभीर धाराओं सहित धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और लेन-देन की गहराई से जांच कर रही है।
